उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पीलीभीत और मुरादाबाद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पीलीभीत में 569 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही पात्र लाभार्थियों को पट्टा वितरण भी करेंगे। मुख्यमंत्री दोनों जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे और मुरादाबाद मंडल में विकास कार्यों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सबसे पहले पीलीभीत के बीसलपुर पहुंचेंगे। यहां बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 569 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टों का वितरण भी किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री मुरादाबाद पहुंचेंगे, जहां सर्किट हाउस में मुरादाबाद मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD) की लंबित परियोजनाओं, नई कार्ययोजनाओं और क्षेत्र के समग्र विकास पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मुरादाबाद सदर, मुरादाबाद देहात और कुन्दरकी विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ नगर निगम मुरादाबाद एवं मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह यहां आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुरादाबाद में मुख्यमंत्री दानवीर भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वह गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री मुरादाबाद सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।






