Home Breaking News राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपी लवकुश मिश्रा ने पत्नी के नाम...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपी लवकुश मिश्रा ने पत्नी के नाम खरीदी थी जमीन, दस्तावेज आए सामने

28
0

राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है, मामले के आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन के दस्तावेज सामने आए हैं, जानकारी के मुताबिक, यह जमीन सोहावल तहसील के बनीपुर गांव में स्थित है और इसका बैनामा 16 अक्टूबर 2025 को सुप्रिया मिश्रा के नाम दर्ज कराया गया था, बताया जा रहा है कि इस जमीन पर दो मंजिला मकान का निर्माण भी जारी है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आरोपियों की संपत्तियों और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े नए तथ्य सामने आ रहे हैं, रविवार को पुलिस टीम रुदौली कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरान फगौली स्थित लवकुश मिश्रा के घर पहुंची, जहां परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई और कई दस्तावेजों की जांच की गई।

2025 में पत्नी के नाम खरीदी गई थी जमीन

जांच में पता चला है कि लवकुश मिश्रा ने वर्ष 2025 में बनीपुर गांव में जमीन खरीदी थी, जिसे पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर रजिस्टर्ड कराया गया, इस जमीन के दस्तावेज भी सामने आए हैं हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से अभी इस संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं की गई है।

अनुकल्प मिश्रा की सिफारिश पर मिली थी जिम्मेदारी

Also Read – रोहित शेट्टी को मिली जान से मारने की धमकी, 20 करोड़ की रंगदारी मांगने का दावा; जांच में जुटी मुंबई पुलिस

पुलिस जांच के अनुसार, लवकुश मिश्रा इस मामले के दूसरे आरोपी अनुकल्प मिश्रा का साला है, बताया जा रहा है कि अनुकल्प की सिफारिश पर ही उसे राम मंदिर में दानपात्र से प्राप्त राशि की गणना का कार्य सौंपा गया था, स्थानीय लोगों का दावा है कि मंदिर में नौकरी मिलने के बाद लवकुश की आर्थिक स्थिति में तेजी से बदलाव आया, किराए के मकान में रहने वाला लवकुश बाद में महंगी मोटरसाइकिल खरीदने के साथ-साथ संपत्ति में भी निवेश करने लगा।

बैंक खातों और खर्चों की हो रही जांच

पुलिस इस मामले में सभी आरोपियों के बैंक खातों, लेन-देन, खर्च और संपत्तियों की गहन जांच कर रही है, जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि गणना कक्ष से कथित रूप से नकदी किस तरह बाहर निकाली जाती थी और चोरी की रकम का इस्तेमाल किन-किन जगहों पर किया गया।

पिता का बयान भी आया सामने

इस बीच लवकुश मिश्रा के पिता बच्चू लाल ने बताया कि उनके बेटे की नौकरी करीब चार-पांच महीने पहले ही लगी थी, उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान पुलिस घर से लगभग चार से पांच लाख रुपये नकद अपने साथ ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।