रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर के शाहाबाद क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास कुछ लोगों और चुनिंदा परिवारों तक सीमित था, जबकि उनकी सरकार बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों का समान विकास कर रही है
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी और बहन-बेटियों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है, जिसके कारण उत्तर प्रदेश आज दंगा मुक्त और बेहतर कानून व्यवस्था वाला राज्य बन चुका है
योगी आदित्यनाथ ने रामपुर के औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में में था जरी और वायलिन उद्योग लगातार आगे बढ़ रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने मिलक, शाहाबाद और बिलासपुर क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए जनता से सरकार की विकास नीतियों और सुशासन का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं
मुख्यमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए रामपुर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच प्रमुखता से रखने की रणनीति के तहत यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






