2 जून को पटना में हुए कथित कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में मशहूर शिक्षक खान सर (फैजल खान) की अंतरिम जमानत याचिका पर मंगलवार (30 जून) को सिविल कोर्ट में सुनवाई होनी है, इसी मामले में गिरफ्तार दोनों सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी कोर्ट सुनवाई करेगा, इस दौरान पुलिस अपनी अपडेटेड केस डायरी और जांच से जुड़े अहम साक्ष्य अदालत के समक्ष पेश कर सकती है।
पुलिस जांच में सामने आई नई टाइमलाइन
पुलिस जांच के अनुसार, मामले में पहले यह दलील दी गई थी कि खान सर के सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में फायरिंग की थी हालांकि, जांच में जुटाए गए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का दावा है कि कथित फायरिंग घटना के लगभग एक घंटे बाद हुई थी, सूत्रों के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि जिस समय गोली चलाई गई, उस वक्त घटनास्थल पर पहले का विवाद शांत हो चुका था और दूसरे पक्ष का कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
2 जून की घटना में क्या हुआ था?
पुलिस के अनुसार, 2 जून की रात करीब 10 बजे खान सर की कोचिंग संस्था ग्लोबल स्टडीज के बाहर विवाद और मारपीट की घटना सामने आई थी, जांच एजेंसियों का दावा है कि फायरिंग कथित विवाद के तत्काल दौरान नहीं, बल्कि उसके शांत होने के बाद हुई, पुलिस का मानना है कि इस पहलू की जांच अदालत में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है।
हथियार के लाइसेंस को लेकर भी उठे सवाल
जांच के दौरान सुरक्षा गार्डों के हथियारों के लाइसेंस की भी जांच की गई है, सूत्रों के अनुसार, जिस हथियार से फायरिंग की गई, उसका लाइसेंस उत्तर प्रदेश से जारी हुआ था, पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार गार्डों में से एक के पास दूसरे राज्य में हथियार रखने के लिए आवश्यक अनुमति (परमिट) नहीं थी, साथ ही स्थानीय पुलिस थाने को हथियार रखने की सूचना भी नहीं दी गई थी। इन पहलुओं की जानकारी भी अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।
पहले मांगा गया था केस डायरी पढ़ने का समय
इससे पहले 27 जून को खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत से केस डायरी का अध्ययन करने के लिए समय मांगा था, अदालत ने तीन दिन का समय देते हुए सुनवाई मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी थी, अब अदालत में पुलिस की अपडेटेड केस डायरी, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलें पेश करेंगे। मामले में कोर्ट के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।






