ताजमहल और आगरा के पर्यटन ढांचे में बड़े बदलाव: 24 करोड़ की परियोजनाओं को मिली मंजूरी
आगरा में पर्यटन को मिलेगा नया रूप
ताजमहल और उससे जुड़े पर्यटन ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए सोमवार को हुई पथकर सलाहकार समिति की 41वीं बैठक में लगभग 24 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इस बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त नागेन्द्र प्रताप ने की बैठक में ताजमहल क्षेत्र, फतेहपुर सीकरी और आसपास के पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
विदेशी पर्यटकों के लिए ‘वेलकम किट’ और नई सुविधाएं
पर्यटन अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए विदेशी पर्यटकों को ‘वेलकम किट’ देने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया, इसके साथ ही ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट तथा फतेहपुर सीकरी में छह वाटर एटीएम लगाए जाएंगे, जिससे पर्यटकों को पीने के पानी की सुविधा आसानी से मिल सकेगी।
सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ताजमहल के 500 मीटर दायरे में 90 सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे लगाने की मंजूरी दी गई है, इससे पूरे क्षेत्र की निगरानी और अधिक प्रभावी होगी, इसके अलावा ताजमहल और आसपास के क्षेत्रों में फायर फाइटिंग सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था और हरित क्षेत्र के रखरखाव को भी शामिल किया गया है।
फतेहपुर सीकरी और अन्य पर्यटन स्थलों का विकास
फतेहपुर सीकरी में निर्माणाधीन लाइट एंड साउंड शो और आगरा गेट के सौंदर्यीकरण कार्य को अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही आरओ प्लांट के संचालन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा, बैठक में आगरा एंट्री गेट, रमाडा फ्लाईओवर और इनर रिंग रोड से शहर में प्रवेश के लिए बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। एनएच-11 पर प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुविधाओं को भी अपग्रेड किया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
- ताजमहल, आगरा किला और अन्य प्रमुख स्थलों की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का हस्तांतरण नगर निगम को
- ताज महोत्सव-2027 के आयोजन के लिए अनुदान स्वीकृत
- पर्यटन पुलिस वाहनों के संचालन को मंजूरी
- ताज व्यू गार्डन और नेचर वॉक के सौंदर्यीकरण कार्य
- विद्युत शवदाह गृह के नवीनीकरण की योजना
इन सभी योजनाओं के लागू होने के बाद आगरा का पर्यटन ढांचा अधिक आधुनिक, सुरक्षित और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक बनने की उम्मीद है, ताजमहल और फतेहपुर सीकरी जैसे विश्व धरोहर स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को अब पहले से बेहतर अनुभव मिलेगा।






