उत्तर प्रदेश के बहराइच में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और औषधि विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना दरगाह क्षेत्र स्थित शिवांश मेडिकल स्टोर पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर से 67 पेटियों में छिपाकर रखी गई 8,140 बोतलें कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद कर उन्हें सीज कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन प्रतिबंधित सिरप की बोतलों को निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बेचकर नशीली दवाओं का अवैध कारोबार किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले नेपाल सीमा स्थित रूपईडीहा बॉर्डर पर नशीली दवाओं के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस और औषधि विभाग ने यह कार्रवाई की। उसी कड़ी में शिवांश मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई, जहां से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ।
पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इन्हें किन-किन स्थानों पर भेजा जाता था।






