Home Bihar ‘लालू यादव के बिना अधूरी है देश और बिहार की राजनीति’, तेजस्वी...

‘लालू यादव के बिना अधूरी है देश और बिहार की राजनीति’, तेजस्वी यादव का बड़ा बयान

47
0

RJD स्थापना दिवस कार्यक्रम में तेजस्वी यादव का हमला, बोले- ‘लालू यादव सिर्फ नेता नहीं, एक विचारधारा हैं’

पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के स्थापना दिवस समारोह से पहले आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी, मुख्यमंत्री और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस 5 जुलाई को है, लेकिन इस बार कार्यक्रमों की शुरुआत पहले ही कर दी गई है, तेजस्वी ने बताया कि पटना में बड़े स्तर पर आयोजन होने के कारण जिला स्तर पर कार्यक्रम नहीं हो पाते, इसलिए अगले चार दिनों तक सभी जिलों में भी स्थापना दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे।

‘लालू यादव एक विचारधारा, विज्ञान और यूनिवर्सिटी हैं’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि वर्ष 1997 में लालू यादव ने राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना की थी और उन्होंने हमेशा अपने सिद्धांतों और विचारधारा पर कायम रहकर राजनीति की, उन्होंने कहा कि चाहे कितनी भी बड़ी ताकतें सामने रही हों, लालू यादव कभी अपने रास्ते से पीछे नहीं हटे।

तेजस्वी ने कहा, “लालू यादव सिर्फ एक व्यक्ति का नाम नहीं हैं, बल्कि वे एक विचारधारा, एक विज्ञान और एक यूनिवर्सिटी हैं,” उन्होंने दावा किया कि लालू यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में कई नेताओं को आगे बढ़ाया, उन्हें सांसद और मंत्री बनने का अवसर दिया।

‘जो लालू यादव को गाली देगा, बीजेपी उसे आगे बढ़ाएगी’

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि आज राजनीतिक माहौल ऐसा बना दिया गया है कि जो नेता लालू यादव पर हमला करेगा, उसे बीजेपी में महत्व मिलेगा, उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं से उम्मीद की जा रही है कि वे “ओरिजिनल भाजपाई” बनने के लिए लालू यादव के खिलाफ बयान दें उन्होंने यह भी कहा कि “लालू यादव के बिना बिहार और देश की राजनीति की कल्पना संभव नहीं है।”

मुख्यमंत्री और सरकार पर साधा निशाना

अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री पर भी कई आरोप लगाए, उन्होंने कहा कि राज्य का खजाना खाली हो चुका है और कर्मचारियों के वेतन, विकास योजनाओं तथा विधायक फंड के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं है, उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और कुछ बेईमान अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार हैं, साथ ही उन्होंने दावा किया कि बिहार सरकार दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए संचालित हो रही है।

संगठन मजबूत करने का दिया संदेश

तेजस्वी यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि केवल भीड़ जुटाने से काम नहीं चलेगा, उन्होंने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा, तभी पार्टी आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी।

कानून-व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, उन्होंने कहा कि गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं और आम लोगों की समस्याओं पर सरकार का ध्यान नहीं है, साथ ही उन्होंने फर्जी एनकाउंटर और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना की।

RJD स्थापना दिवस से पहले तेजस्वी यादव का यह आक्रामक भाषण आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है, इसमें उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ विपक्ष के खिलाफ पार्टी की रणनीति और राजनीतिक संदेश दोनों स्पष्ट करने की कोशिश की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here