Home Crime सुल्तानपुर में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी समेत चार शातिर बदमाश...

सुल्तानपुर में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी समेत चार शातिर बदमाश गिरफ्तार

52
0

सुल्तानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के पीढ़ी टोल प्लाजा के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 50 हजार रुपये के इनामी अनिकेत चौहान, आकाश, मिथिलेश चौहान और अजय के रूप में हुई है। घायल अनिकेत, आकाश और मिथिलेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी सीतापुर जिले के निवासी हैं और लंबे समय से सुल्तानपुर सहित आसपास के कई जिलों में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये की नकदी, एक कंपास जीप, चोरी के जेवरात, तीन तमंचे और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अनिकेत चौहान पर 52, आकाश पर 46, मिथिलेश चौहान पर 26 और अजय पर 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन पर चोरी, लूट समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, पीढ़ी टोल प्लाजा के पास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन बदमाशों को पैर में गोली मारकर काबू कर लिया, जबकि चौथे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी बदमाश लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे। उनकी गिरफ्तारी से कई चोरी की वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य मामलों की गहन जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here