उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोंडा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित टावर पर एक महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ चढ़ गई, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि महिला पहले भी इसी तरह टावर पर चढ़कर विरोध जता चुकी है।
जानकारी के मुताबिक महिला तरबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी बाजार की रहने वाली है। उसका आरोप है कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है और पिछले करीब नौ वर्षों से संपर्क में रहे राम इकबाल नाम के व्यक्ति ने भी अब उसका और बच्चों का भरण-पोषण बंद कर दिया है। महिला का कहना है कि वह अपने और बच्चों के लिए खाने-पीने के खर्च की मांग कर रही है।
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले भी यही महिला पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के स्कूल परिसर में स्थित टावर पर चढ़ गई थी और काफी देर तक हंगामा किया था। इस बार वह अपने तीन छोटे बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन के टावर पर चढ़कर कूदने की धमकी दे रही है। फिलहाल GRP, RPF और सिविल पुलिस के अधिकारी लगातार महिला को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई थी। पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य महिला और उसके तीनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारना है।






