लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय लखनऊ दौरे को लेकर राजधानी पूरी तरह तैयार है। उनके स्वागत के लिए शहर को पार्टी के बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स से सजाया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ एनडीए के सहयोगी दलों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नितिन नवीन आज सुबह 11:00 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह भव्य रोड शो के माध्यम से भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। रोड शो के दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा और एनडीए के सहयोगी दलों के कार्यकर्ता उनका स्वागत और अभिनंदन करेंगे।
स्वागत की तैयारियों के बीच बापू भवन के सामने विशेष आकर्षण के रूप में स्क्रीन के सहारे 51 फीट की विशाल माला लगाई गई है। रोड शो के दौरान इसी भव्य माला से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया जाएगा, जो पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
नितिन नवीन का यह दो दिवसीय लखनऊ दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने प्रवास के दौरान वह मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश संगठन, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन को और मजबूत बनाने के साथ-साथ वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति, बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा नेतृत्व इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों ही दृष्टियों से बेहद अहम माना जा रहा है।






