सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक लंबे पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव पर कुर्मी समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत “राजा बाबू उर्फ अखिलेश यादव जी, सुप्रभात” से करते हुए कहा कि उनकी बात आज कुर्मी समाज के सम्मान और उसके शीर्ष नेता श्रद्धेय डॉ. सोनेलाल पटेल के सम्मान से जुड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2 जुलाई को डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती के अवसर पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि या श्रद्धासुमन तक अर्पित नहीं किए।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि समाजवादी पार्टी में केवल यादव समाज के नेताओं को ही महत्व दिया जाता है, जबकि गैर-यादव पिछड़े वर्ग और दलित समाज के महापुरुषों की लगातार अनदेखी की जाती है। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत बताया।
राजभर ने यह भी कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल की बेटी अनुप्रिया पटेल ने 1 जुलाई को अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं, लेकिन इसके बावजूद अखिलेश ने अगले दिन उनके पिता की जयंती पर सम्मान व्यक्त नहीं किया। उन्होंने इसे राजनीतिक शुचिता और मर्यादा के खिलाफ बताया।
सुभासपा अध्यक्ष ने यह भी याद दिलाया कि डॉ. सोनेलाल पटेल के परिवार के सदस्य समाजवादी पार्टी से भी जुड़े रहे हैं और उनके पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव भी डॉ. पटेल का सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि कम से कम उसी परंपरा का निर्वहन किया जाना चाहिए था।
पोस्ट के अंत में ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि पूरा कुर्मी समाज इस घटना को अपने सम्मान से जोड़कर देख रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी को “यादववादी पार्टी” बताते हुए कहा कि गैर-यादव पिछड़े वर्गों के हितों की लड़ाई वह पहले भी लड़ते रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।






