उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 7 जुलाई को राज्य के 55 से अधिक जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने कई इलाकों में वज्रपात (आकाशीय बिजली) को लेकर भी चेतावनी जारी की है और लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
also read योगी ने ललकारा! शाह के डिप्टी PM बनने पर मचा बवाल!

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वांचल और बुंदेलखंड के कई जिलों में मानसून का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ मेघ गर्जन और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

वहीं, मध्य उत्तर प्रदेश में भी मौसम करवट लेगा। लखनऊ, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।






