लखनऊ, 7 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत वह प्रतापगढ़ से करेंगे, जहां राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रतापगढ़ के बाद मुख्यमंत्री सुल्तानपुर पहुंचेंगे। यहां कलेक्ट्रेट सभागार में अयोध्या मंडल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पुराने कार्यों की समीक्षा और नई परियोजनाओं की कार्ययोजना पर बैठक करेंगे। इसके बाद सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्रों में 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रशस्ति पत्र भी वितरित करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री वाराणसी पहुंचेंगे, जहां सर्किट हाउस में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे। समीक्षा बैठक के बाद वह बाबा कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री वाराणसी सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।






