Home Uncategorized युवाओं को रोजगार, छात्रों को सम्मान, किसानों को राहत चित्रकूट में सीएम...

युवाओं को रोजगार, छात्रों को सम्मान, किसानों को राहत चित्रकूट में सीएम योगी ने बांटी सौगात

34
0

चित्रकूट, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को चित्रकूट दौरे के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, आवास की चाबियां, स्मार्टफोन और सम्मान राशि वितरित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत विजय कुमार को मोबाइल रिपेयरिंग व्यवसाय के लिए 5 लाख रुपये और कुमारी सत्यम मिश्रा को पेपर प्लेट निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। पोषण अभियान एवं सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ममता सोनी और आकृति शर्मा को विभागीय योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए स्मार्टफोन वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत संगीता और शिव कुमारी को स्वीकृत आवासों की चाबियां सौंपी गईं, जिससे उन्हें अपने पक्के घर का सपना पूरा होने की सौगात मिली। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। मेधावी सम्मान योजना के अंतर्गत बप्पा रावल सिंह और मानषी तिवारी को एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत मुन्नी देवी को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक दिया गया। वहीं दैवीय आपदा के अंतर्गत अहैतुक सहायता योजना के तहत आरती को 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और दूसरों को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here