भदोही: भदोही जिला प्रशासन ने पूर्व विधायक और बाहुबली नेता विजय मिश्रा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 100 करोड़ 25 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर भदोही पुलिस और प्रशासन की टीम ने महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में स्थित लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज (दाल मिल) को कुर्क कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह दाल मिल विजय मिश्रा द्वारा अपराध से अर्जित धन से अपने दामाद के नाम पर खरीदी गई थी। प्रशासन का आरोप है कि इसी संपत्ति के माध्यम से लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज का संचालन किया जा रहा था। गैंगस्टर एक्ट के प्रावधानों के तहत महाराष्ट्र पहुंची प्रशासनिक टीम ने स्थानीय स्तर पर मुनादी कराने के बाद संपत्ति को विधिवत कुर्क कर लिया।
भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि गैंग लीडर विजय मिश्रा और उसके गैंग के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर लगातार उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने बताया कि अब तक विजय मिश्रा और उसके गैंग से जुड़ी करीब 2 अरब 41 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की जा चुकी हैं। प्रशासन का कहना है कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि पूर्व विधायक विजय मिश्रा इस समय विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल में बंद हैं। उनके आर्थिक नेटवर्क पर प्रशासन की यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।






