उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद काशी के आराध्य देव काशी कोतवाल काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। मुख्यमंत्री ने लोकमंगल, प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करते हुए दोनों मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने आरती में भाग लिया और पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां गर्भगृह में षोडशोपचार पूजन कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
धार्मिक कार्यक्रमों के अलावा मुख्यमंत्री ने चौकाघाट स्थित विद्युत सब स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेने के बाद उन्होंने निर्माण कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
अपने वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित दंपति को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।






