Home Uttar Pradesh योगी सरकार में त्वरित समाधान का असर, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिला 89.41...

योगी सरकार में त्वरित समाधान का असर, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिला 89.41 लाख रुपये का जीपीएफ भुगतान

24
0

लखनऊ, 9 जुलाई। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर लगातार जोर दे रही है। इसी क्रम में देवीपाटन मंडल के श्रावस्ती जिले में आयोजित “संध्या संवाद” कार्यक्रम के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित जीपीएफ और अन्य सेवा संबंधी देयों का निस्तारण किया गया। कुल 89 लाख 41 हजार 612 रुपये की जीपीएफ राशि पात्र कर्मचारियों के खातों में भेजी गई।

मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी लंबित प्रकरणों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के नेतृत्व में संबंधित विभागों के समन्वय से भुगतान प्रक्रिया पूरी कराई गई।

इस पहल के तहत प्रकाश नारायण पाठक, राजेंद्र प्रसाद पाण्डेय, सुनील श्रीवास्तव, प्रेम नारायण वर्मा, कौशल्या देवी, अवधेश कुमार और भगवान दीन वर्मा सहित कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके लंबित सेवा संबंधी देयों का भुगतान मिला। भुगतान मिलने के बाद लाभार्थियों ने प्रशासन के प्रति संतोष जताया।

प्रदेश सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश हैं कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को अपने वैधानिक अधिकारों के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। उल्लेखनीय है कि “संध्या संवाद” कार्यक्रम की शुरुआत श्रावस्ती जिले की ग्राम पंचायत टेण्डवा महन्थ से हुई थी। इस पहल के तहत प्रशासन सीधे गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है, उनका मौके पर समाधान कर रहा है और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध करा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here