रामपुर। मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर चल रही प्रशासनिक कार्रवाई के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रामपुर प्रभारी धर्मपाल सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। रामपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मंत्री ने कहा कि सरकार किसी के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई नहीं कर रही है। जो भी कार्रवाई हो रही है, वह पूरी तरह कानून के दायरे में है।
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा, “कानून अपना काम कर रहा है। कानून में जो होगा, वही पूरा होगा। किसी पर भी बदले की भावना से कार्रवाई नहीं होगी।” उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास को गति देना और आम नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करना है।
जौहर यूनिवर्सिटी के छात्रों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर धर्मपाल सिंह ने कहा कि धरना-प्रदर्शन और हड़ताल करना लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि जो छात्र-छात्राएं विरोध कर रहे हैं, उनसे मुलाकात कर उनकी मांगों और समस्याओं को सुना जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों की बात सुनने के लिए तैयार है और उनकी मांगों को समझने के बाद उचित स्तर पर विचार किया जाएगा।
जौहर यूनिवर्सिटी मामले में एक ओर जहां प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर छात्र भी अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में रामपुर प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह का यह बयान सरकार के रुख को स्पष्ट करने वाला माना जा रहा है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से की जा रही कार्रवाई कानून के अनुसार है और इसमें किसी प्रकार की बदले की भावना नहीं है। साथ ही, उन्होंने विरोध कर रहे छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनने की बात कही है।
