मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में उनकी एक्टिंग कोच और वरिष्ठ अभिनेत्री जयति भाटिया ने एक इंटरव्यू में दीपिका से जुड़ा ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने फैंस को हैरान कर दिया। जयति ने बताया कि फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ की तैयारी के दौरान आयोजित एक एक्टिंग वर्कशॉप में दीपिका ने एक एक्सरसाइज के दौरान लगातार गालियां दी थीं। हालांकि यह सब उनके किरदार की तैयारी और अभिनय अभ्यास का हिस्सा था।
जयति भाटिया ने सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में बताया कि संजय लीला भंसाली ने दीपिका को उनके किरदार में ढालने के लिए विशेष एक्टिंग वर्कशॉप आयोजित कराई थी। इस दौरान उन्हें सात दिनों तक रोजाना चार घंटे दीपिका के साथ काम करना था, लेकिन चार दिन बाद ही उन्हें एहसास हो गया कि अभिनेत्री अपने किरदार को पूरी तरह समझ चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि ‘कॉकटेल’ फिल्म के बाद दीपिका के अभिनय में जबरदस्त आत्मविश्वास आ गया था। जयति के अनुसार, “कॉकटेल दीपिका के करियर का टर्निंग प्वाइंट थी। वह निडर हो चुकी थीं और हर चुनौतीपूर्ण किरदार को अपनाने के लिए तैयार रहती थीं।”
एक्टिंग एक्सरसाइज के दौरान दिखा दीपिका का अलग अंदाज
जयति भाटिया ने उस दिलचस्प घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वर्कशॉप के दौरान उन्होंने दीपिका को एक अभिनय अभ्यास दिया। उन्हें संजय लीला भंसाली के ऑफिस की बालकनी में खड़े होकर कल्पना करनी थी कि वह किसी व्यक्ति से गुस्से में बात कर रही हैं और जोर-जोर से गालियां दे रही हैं।
जयति के मुताबिक, उन्होंने एक तय शब्द तक पहुंचते ही सीन खत्म करने का संकेत दे दिया था, लेकिन दीपिका पूरी तरह किरदार में डूब चुकी थीं। उन्होंने अभिनय जारी रखा और लगातार कई गालियां बोलती रहीं। जयति ने कहा कि दीपिका ने उन शब्दों का भी इस्तेमाल किया, जिन्हें उन्होंने पहले कभी नहीं सुना था। यह देखकर वह खुद भी हैरान रह गईं।
उन्होंने कहा कि सबसे खास बात यह थी कि दीपिका को इस बात की बिल्कुल झिझक नहीं थी कि नीचे मौजूद लोग उन्हें देख सकते हैं। उस समय वह एक बड़ी स्टार बन चुकी थीं, लेकिन अभिनय के दौरान उन्होंने स्टारडम की बजाय अपने किरदार और परफॉर्मेंस पर पूरा ध्यान दिया।
किरदार के लिए पूरी तरह समर्पित हैं दीपिका
जयति भाटिया ने दीपिका की तारीफ करते हुए कहा कि वह उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं जो अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाने के लिए हर तरह की तैयारी करती हैं। उनका आत्मविश्वास, मेहनत और नए प्रयोग करने की इच्छा ही उन्हें बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में शामिल करती है।
गौरतलब है कि दीपिका पादुकोण हाल ही में अपनी फिल्मों और प्रोफेशनल फैसलों को लेकर भी चर्चा में रही हैं। बेटी दुआ के जन्म के बाद उन्होंने फिल्मों से कुछ समय का ब्रेक लिया था। इसके अलावा 8 घंटे की शिफ्ट को लेकर भी उनका नाम सुर्खियों में रहा। हालांकि फैंस अब उनकी आगामी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।






