लखनऊ, 5 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और अनुपूरक बजट पर सार्थक चर्चा नहीं हो सकी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने सदन नहीं, बल्कि दलितों, पिछड़ों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के हितों को बाधित करने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट लेकर आई थी। इसमें युवाओं के रोजगार और स्किलिंग, किसानों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण, गरीबों के उत्थान, पेंशन योजनाओं के विस्तार, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और एक्सप्रेसवे नेटवर्क को मजबूत करने जैसे अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती थी कि इन विषयों पर सदन में सकारात्मक और सार्थक चर्चा हो, लेकिन विपक्ष के रवैये के कारण ऐसा नहीं हो सका।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी का व्यवहार अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने अपने राजनीतिक विरोध के चलते प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को भी प्रभावित किया। इसके बावजूद विधानसभा ने अनुपूरक बजट को पारित कर दिया है और सरकार सभी योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर लागू करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने आउटसोर्सिंग कमीशन का गठन कर दिया है, जिससे आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, ग्राम चौकीदारों, रसोइयों और कोटेदारों के मानदेय एवं इंसेंटिव बढ़ाने के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। इसके अलावा निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन में वृद्धि तथा नए पात्र लाभार्थियों को जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सामाजिक न्याय के महापुरुषों के सम्मान के लिए भी विशेष प्रावधान किए हैं। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, महात्मा ज्योतिबा फुले, शाहूजी महाराज और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े स्थलों के विकास, मूर्तियों पर छाजन, पार्क और बाउंड्री वॉल के निर्माण के लिए 407 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इन प्रस्तावों को भी बाधित करने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले सवा नौ वर्षों से समाज के हर वर्ग के हित में कार्य कर रही है और आगे भी बिना रुके विकास और जनकल्याण के कार्य जारी रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विधान परिषद से बजट पारित होने के बाद सभी योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।






