कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली उत्तराखंड की बेटी उन्नति शर्मा का देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस मौके पर उन्नति शर्मा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतना उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से न केवल उनका, बल्कि उत्तराखंड और पूरे देश का नाम भी रोशन हुआ है।
युवाओं को संदेश देते हुए उन्नति ने कहा कि यदि कोई भी अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखकर सही दिशा में मेहनत करे, तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी अपनाने की अपील करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नई पहचान दिलाते हैं।
महिला खिलाड़ियों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्नति ने कहा कि उन्हें कभी भी लड़की होने के कारण किसी तरह की बाधा का सामना नहीं करना पड़ा। उनके परिवार, कोच और हर स्तर पर लोगों ने हमेशा उनका पूरा साथ दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के रास्ते में लड़का या लड़की होना मायने नहीं रखता, बल्कि मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सबसे महत्वपूर्ण होता है।
उन्नति शर्मा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ और प्रोत्साहन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी वह देश के लिए और बड़े मंचों पर पदक जीतने का प्रयास जारी रखेंगी।






