ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शाहबुद्दीन रज़वी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राम मंदिर निर्माण में कथित ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे पर संसद और उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के विरोध को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि सपा जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
मौलाना रज़वी ने कहा कि संसद और विधानसभा में छात्रों, युवाओं, रोजगार और प्रदेश के विकास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन समाजवादी पार्टी इन विषयों को छोड़कर केवल राजनीतिक हंगामा कर रही है। उनके मुताबिक, इससे जनता के असली मुद्दे पीछे छूट रहे हैं।
इसके साथ ही मौलाना रज़वी ने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुए कथित वक्फ बोर्ड घोटाले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन शासनकाल में वक्फ की ज़मीनों से जुड़े मामलों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं और अरबों रुपये का घोटाला हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले से जुड़े करीब 100 पन्नों के दस्तावेज़ कुछ समय पहले बरेली के जिलाधिकारी को सौंपे जा चुके हैं। मौलाना ने मांग की कि अखिलेश यादव इस मामले पर सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखें। उनका कहना था कि जब तक जवाब नहीं मिलेगा, तब तक यह सवाल उठाया जाता रहेगा।






