सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या ने हरिद्वार की प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां गंगा का आशीर्वाद लेकर कांवड़ उठाई। इसके साथ ही उन्होंने अपनी कांवड़ यात्रा की शुरुआत की।
तेजस्वी सूर्या सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ हरिद्वार से ऋषिकेश स्थित स्वर्गाश्रम के शिव गंगा घाट तक पैदल यात्रा करेंगे। यहां पहुंचकर वे भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे।
मीडिया से बातचीत में तेजस्वी सूर्या ने कहा कि वह दक्षिण भारत के कर्नाटक से आते हैं और पिछले तीन-चार वर्षों से सावन के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को कांवड़ यात्रा करते हुए देखते रहे हैं। उनके मन में भी इस पवित्र यात्रा में शामिल होने की इच्छा थी। इस वर्ष भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
तेजस्वी सूर्या ने कांवड़ यात्रा को दुनिया का सबसे बड़ा युवा संगम बताते हुए कहा कि यह यात्रा किसी आयोजक या शुल्क के आधार पर नहीं, बल्कि श्रद्धा, आस्था और भक्ति की भावना से आगे बढ़ती है। इस यात्रा में जाति, ऊंच-नीच, आर्थिक स्थिति और राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर करोड़ों युवा एक साथ शामिल होते हैं।
उन्होंने कहा कि आज का भारतीय युवा एक हाथ में देश की समृद्ध विरासत और दूसरे हाथ में इनोवेशन एवं उज्ज्वल भविष्य की सोच लेकर विकसित भारत के निर्माण के लिए समर्पित है।
तेजस्वी सूर्या ने देश के युवाओं से खास अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिस तरह संयम, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस का पालन किया जाता है, उसे केवल सावन के महीने तक सीमित नहीं रखना चाहिए। युवाओं को इन गुणों को पूरे वर्ष अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।






