Home Uttar Pradesh जन भवन से निकली साइकिल रैली, कार्मिकों ने दिया नशामुक्त समाज का...

जन भवन से निकली साइकिल रैली, कार्मिकों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

15
0

नशे के खिलाफ जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार की मुहिम को लगातार जनभागीदारी मिल रही है। इसी कड़ी में शनिवार को जन भवन से ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत साइकिल रैली निकाली गई। रैली में जन भवन के करीब 150 कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के निर्देशन में आयोजित साइकिल रैली को जन भवन से रवाना किया गया। रैली लखनऊ के विभिन्न वार्डों से होकर गुजरी और लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए पुनः जन भवन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने रास्ते भर नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति लोगों को सचेत किया।

युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर

रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के साथ-साथ परिवारों और आम नागरिकों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। रैली के विभिन्न पड़ावों पर लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई। योगी सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। साइकिल रैली में सरकारी कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी इसी प्रयास का हिस्सा रही। सड़क पर उतरकर कार्मिकों ने लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।

‘हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण’

राज्य मद्यनिषेध अधिकारी आर.एल. राजवंशी ने कहा कि ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। साइकिल रैली के माध्यम से इसी संदेश को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। रैली के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें। अभियान के जरिए युवाओं में सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में राज्यपाल के विशेष कार्य अधिकारी सुधीर एम. बोबड़े, पार्षद नागेंद्र चौहान, पार्षद अमित चौधरी समेत कई गणमान्य लोग और संबंधित विभागों के कार्मिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here