Home Uttar Pradesh भोलेनाथ के भक्तों पर सीएम योगी ने बरसाए फूल, ‘हर-हर बम-बम’ से...

भोलेनाथ के भक्तों पर सीएम योगी ने बरसाए फूल, ‘हर-हर बम-बम’ से गूंजा पश्चिमी यूपी

17
0

श्रावण मास की दशमी तिथि पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री के साथ मेरठ के सांसद और रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल समेत जनप्रतिनिधियों ने भी शिवभक्तों पर फूल बरसाकर उनकी आस्था को सम्मान दिया।

इस दौरान पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर बम-बम’ के जयघोष से पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता तथा समरसता का जीवंत उदाहरण है।

हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों की आस्था को नमन किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहे। उन्होंने प्रशासन को पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखने और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‘हर-हर बम-बम’ के जयघोष से गूंजा पश्चिमी यूपी

हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांवड़ मार्गों पर हर ओर ‘हर-हर बम-बम’ और ‘बम भोले’ के जयकारे सुनाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान कांवड़ मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं और आम लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

झांकियों में दिखे भोलेनाथ के अलग-अलग स्वरूप

कांवड़ यात्रा के दौरान निकाली गई झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इनमें बाबा भोलेनाथ के गण अलग-अलग स्वरूपों में नजर आए। कोई शिवभक्ति में झूमता दिखा तो कोई भगवान गणेश और कार्तिकेय के स्वरूप में नजर आया। झांकियों के साथ श्रद्धालु ‘बम भोले’, ‘बम-बम भोले’ समेत शिवभक्ति के गीतों पर झूमते नजर आए। कांवड़ मार्ग का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उत्साह से भरा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दृश्य को अपने मोबाइल फोन में कैद करते दिखाई दिए।

‘जात-पात और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर शिव के नाम में लीन हैं भक्त’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा अब चरम की ओर बढ़ रही है। लाखों शिवभक्त हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करोड़ों शिवभक्त इस यात्रा से जुड़े हैं और सावन की शिवरात्रि तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

सीएम योगी ने कहा कि सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करने वाले कांवड़ यात्री भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता व समरसता का जीवंत उदाहरण पेश कर रहे हैं। जात-पात, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर उनकी हर सांस शिव के नाम में समर्पित है।

सुरक्षा से लेकर सेवा तक प्रशासन मुस्तैद

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों से लेकर सेक्टर और थाना स्तर तक के अधिकारी लगातार कांवड़ मार्ग की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक और धर्मार्थ संगठन जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, पानी, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इन संगठनों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।

शिवरात्रि तक जारी रहेगी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रदेश व देश में सुख, शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे।

कार्यक्रम के दौरान मेरठ के सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश सरकार के मंत्री सोमेंद्र तोमर और दिनेश खटीक, मेरठ की महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, पूर्व विधायक संगीत सोम और भाजपा नेता सुनील भराला समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here