Home Breaking News राजस्थान और उत्तराखंड के बाद आज प्रयागराज में राहुल गांधी करेंगे छात्रों...

राजस्थान और उत्तराखंड के बाद आज प्रयागराज में राहुल गांधी करेंगे छात्रों से संवाद

38
0

प्रयागराज: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज प्रयागराज से पूर्वांचल के युवाओं को साधने की कोशिश करेंगे। राजस्थान और उत्तराखंड के बाद कांग्रेस के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के तहत राहुल गांधी संगम नगरी पहुंचेंगे। यहां वह छात्रों से सीधा संवाद करने के साथ ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी अभियान का भी आगाज करेंगे।

राहुल गांधी शाम 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक केपी इंटर कॉलेज मैदान में छात्रों से संवाद करेंगे। प्रयागराज को प्रतियोगी छात्रों का शहर माना जाता है, ऐसे में कांग्रेस ने युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखते हुए इस कार्यक्रम के लिए प्रयागराज का चयन किया है।

कार्यक्रम में राहुल गांधी NEET, RO/ARO समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षाओं में देरी, भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर छात्रों से बातचीत करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब दो लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तर प्रदेश के करीब 25 जिलों के शहर और जिला अध्यक्ष प्रयागराज पहुंचेंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी छह कांग्रेस सांसदों के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और दिग्गज पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को केवल छात्र संवाद तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसके जरिए यूपी के युवाओं के बीच पार्टी की राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। खासतौर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के बीच पेपर लीक, भर्ती में देरी और रोजगार जैसे मुद्दे लगातार चर्चा में रहे हैं। प्रयागराज से राहुल गांधी का यह संवाद ऐसे समय में हो रहा है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। ऐसे में संगम नगरी से राहुल गांधी का युवाओं के बीच पहुंचना कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पूर्वांचल में अपनी सक्रियता बढ़ाई जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here