उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। सीएम धामी ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेताओं का उत्तराखंड दौरा बढ़ गया है और उन्हें पहले से तैयार स्क्रिप्ट के मुताबिक बयान दिए जाते हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने नकल माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, बीजेपी संगठन की मजबूती और क्रिकेटर ऋषभ पंत को लेकर भी अपनी बात रखी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे पर धामी का हमला
मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेताओं का उत्तराखंड आना-जाना बढ़ गया है। धामी ने कहा कि कुछ दिन पहले कांग्रेस के “युवराज” उत्तराखंड आए थे और अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दौरे पर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस के नेता लगातार उत्तराखंड आते और जनता के बीच रहते तो लोग उन्हें गंभीरता से लेते। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को पहले से स्क्रिप्ट थमा दी जाती है और वे यहां आकर वही बातें दोहराते हैं।
नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई का दावा
मुख्यमंत्री धामी ने नकल माफियाओं के खिलाफ सरकार की कार्रवाई को लेकर कहा कि प्रदेश में ऐसे लोगों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 100 से ज्यादा नकल माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
सीएम ने कहा कि सरकार की सख्त नीति का असर यह है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश में पेपर लीक का कोई मामला सामने नहीं आया। उन्होंने साफ किया कि नकल और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
बीजेपी संगठन की मजबूती पर जोर
बीजेपी के गढ़वाल मंडल की संगठनात्मक बैठकों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत संगठन ही मजबूत सरकार की ताकत है। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारी सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ जमीनी स्तर से फीडबैक भी सरकार तक पहुंचाते हैं। मुख्यमंत्री ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने और पन्ना प्रमुखों की भूमिका को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
ऋषभ पंत को लेकर बोले धामी
भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उत्तराखंड और देश का गौरव हैं। उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत ने अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जब भी ऋषभ पंत उत्तराखंड आएंगे, राज्य सरकार उनकी हरसंभव सहायता के लिए तैयार रहेगी।






