यूपी में बसपा का चुनावी अभियान शुरू, आकाश आनंद ने योगी सरकार पर साधा निशाना; अखिलेश-राहुल को बताया ‘अंकल’
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं। बसपा की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने हाथरस के सादाबाद से चुनावी अभियान का आगाज किया, करीब सवा दो साल बाद यूपी की सियासी जमीन पर सक्रिय नजर आए आकाश आनंद ने अपने भाषण में बीजेपी और योगी सरकार पर जमकर हमला बोला, आकाश आनंद ने कानून-व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और महंगाई जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा, इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा, भाषण में उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया।
‘10 साल का हिसाब मांगने का समय आ गया’
सादाबाद में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने बीजेपी सरकार पर प्रचार के नाम पर जनता के पैसे खर्च करने का आरोप लगाया,उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने करीब 7 हजार करोड़ रुपये प्रचार पर खर्च किए हैं, आकाश आनंद ने कहा कि वह बीजेपी की कमियां गिनाने के बजाय अपने समाज और आम लोगों की समस्याओं को सामने रखने आए हैं, उन्होंने जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार के कामकाज का हिसाब मांगने की अपील की हालांकि, प्रचार पर खर्च से जुड़े आंकड़ों और अन्य आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट में नहीं की गई है।
कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा
बसपा नेता ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा, उन्होंने महिला सुरक्षा, अपराध और अपहरण के आंकड़ों का जिक्र करते हुए योगी सरकार पर सवाल उठाए, आकाश आनंद ने रोजगार को लेकर कहा कि सरकारी पदों को भरने और युवाओं को नौकरी देने की दिशा में सरकार को और काम करना चाहिए, उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए, उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाएं बड़े मुद्दे हैं और सरकार को इन पर जवाब देना होगा।
सरकारी स्कूलों को लेकर भी उठाए सवाल
आकाश आनंद ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार पर हमला बोला, उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 25 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं, उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में समाज के गरीब और वंचित वर्ग के बच्चे पढ़ते थे, शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की नीतियों को लेकर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में जनता को इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगना चाहिए।
अखिलेश और राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
आकाश आनंद ने अपने भाषण में विपक्षी दलों को भी निशाने पर लिया, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया, अखिलेश यादव के लिए उन्होंने कहा कि वह उन्हें सम्मान के साथ ‘अंकल’ कह रहे हैं और अपनी उम्र का हवाला देते हुए कहा कि 30 साल का व्यक्ति 50 साल के नेता को ‘अंकल’ ही कहेगा, राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कांग्रेस की नीतियों और कांग्रेस शासित राज्यों में कथित समस्याओं का जिक्र किया, उन्होंने कहा कि बीजेपी को हटाकर कांग्रेस को सत्ता में लाने से भी जरूरी नहीं कि समस्याओं का समाधान हो जाए।
‘बीजेपी को हटाकर कांग्रेस को लाने से भी बदलाव नहीं’
बसपा नेता ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर सवाल उठाने की जरूरत है। उन्होंने पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इन समस्याओं को किसी एक पार्टी तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए, आकाश आनंद ने जनता से कहा कि चुनाव में केवल वादों पर भरोसा न करें, बल्कि पिछले वर्षों में सरकार के कामकाज का हिसाब भी मांगें।
‘सरकार की असलियत जानना जरूरी’
आकाश आनंद ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और राजनीतिक दल जनता के बीच नए वादों के साथ पहुंचेंगे, ऐसे में मतदाताओं को पिछले 10 वर्षों के काम का हिसाब मांगना चाहिए, उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने और बसपा के पक्ष में समर्थन मजबूत करने की अपील की। अपने भाषण के अंत में उन्होंने मायावती के नेतृत्व और बसपा की नीतियों का समर्थन करते हुए पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘हाथी’ के पक्ष में मतदान की अपील की।
यूपी में बसपा की सक्रियता बढ़ी
आकाश आनंद के सादाबाद दौरे को यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। उनके भाषण में बीजेपी के साथ-साथ सपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा गया, अब देखना होगा कि आकाश आनंद की आक्रामक चुनावी रणनीति और बसपा का अभियान आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए कितना प्रभावी साबित होता है।






