Home Uttar Pradesh सावन की शिवरात्रि पर सीएम योगी ने रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि...

सावन की शिवरात्रि पर सीएम योगी ने रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

21
0

सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर स्थित प्राचीन मानसरोवर मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य और शांति की कामना की। गोरखपुर प्रवास के दौरान यह लगातार दूसरा दिन रहा, जब मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।

प्राचीन मानसरोवर मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान भोलेनाथ को बिल्व पत्र, कमल पुष्प, दूर्वा सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। इसके बाद शहद, दही, शर्करा, गोदुग्ध और पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। गोरखनाथ मंदिर के विद्वान पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के वैदिक मंत्रों के बीच रुद्राभिषेक का अनुष्ठान संपन्न कराया।

रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और आरती की। उन्होंने भगवान महादेव से चराचर जगत के कल्याण के साथ ही प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्ध और शांतिपूर्ण जीवन के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन भगवान शिव की आराधना की। इससे एक दिन पहले सोमवार को उन्होंने गोरखनाथ मंदिर स्थित शक्तिपीठ में भी रुद्राभिषेक किया था। सावन शिवरात्रि के अवसर पर मानसरोवर मंदिर में हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्यमंत्री ने लोक मंगल और जनकल्याण की भावना के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here