Home Breaking News सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में साथ दिखे राजा भैया और...

सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में साथ दिखे राजा भैया और धनंजय सिंह, तस्वीर ने खींचा ध्यान

27
0

नई दिल्ली में सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के रिसेप्शन में देश की सियासत के कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत तमाम दिग्गज नेता इस खास समारोह में पहुंचे। लेकिन इस हाईप्रोफाइल रिसेप्शन में यूपी की सियासत से जुड़ी एक तस्वीर ने खासा ध्यान खींचा।

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह एक साथ एक फ्रेम में नजर आए। दोनों नेता सुप्रिया सुले की बेटी रेवती के रिसेप्शन में शामिल होने पहुंचे थे। काफी समय बाद दोनों नेताओं के एक साथ किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आने की वजह से यह तस्वीर चर्चा में आ गई है।

कार्यक्रम की तस्वीरें धनंजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से भी साझा की हैं। तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि नई दिल्ली में आयोजित राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार की नातिन और सांसद सुप्रिया सुले की सुपुत्री रेवती के विवाह प्रीतिभोज समारोह में सपरिवार उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़े को अपना स्नेह, आदर और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने आगे लिखा कि इस अवसर पर देश-प्रदेश के गणमान्यजनों से भी मुलाकात हुई। धनंजय सिंह की साझा की गई तस्वीर में उनके साथ राजा भैया के अलावा राज्यसभा सांसद नीरज शेखर भी नजर आ रहे हैं। कुछ अन्य तस्वीरों में धनंजय सिंह की पत्नी और जौनपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला सिंह भी उनके साथ नजर आ रही हैं

हालांकि इस तस्वीर में सबसे ज्यादा ध्यान राजा भैया और धनंजय सिंह की मौजूदगी ने खींचा है। दोनों नेताओं की यूपी की राजनीति में अपनी अलग पहचान और प्रभाव रहा है। ऐसे में दिल्ली के एक हाईप्रोफाइल सामाजिक समारोह में दोनों का एक साथ नजर आना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले का विवाह सारंग लखानी के साथ हुआ है। दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन में राष्ट्रीय राजनीति के अलग-अलग खेमों के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया।

एक तरफ राष्ट्रीय राजनीति के बड़े चेहरे एक ही मंच पर नजर आए, तो दूसरी तरफ यूपी के दो चर्चित चेहरे राजा भैया और धनंजय सिंह की साथ वाली तस्वीर ने सबका ध्यान खींच लिया। अब यह तस्वीर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here