Home Uttar Pradesh सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में फिर रामपुर अव्वल, शाहजहांपुर दूसरे और बरेली तीसरे...

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में फिर रामपुर अव्वल, शाहजहांपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर

29
0

उत्तर प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं की प्रभावी मॉनीटरिंग के लिए संचालित मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जुलाई माह की रैंकिंग में रामपुर ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। रामपुर ने 10 में से 9.58 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं शाहजहांपुर 9.43 अंक के साथ दूसरे और बरेली 9.40 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। योगी सरकार की ओर से जिलों के प्रशासनिक प्रदर्शन की लगातार मॉनीटरिंग के लिए सीएम डैशबोर्ड को महत्वपूर्ण माध्यम बनाया गया है। इसके जरिए जनशिकायतों के निस्तारण, फीडबैक, विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय प्रदर्शन समेत कई मानकों पर जिलों का मूल्यांकन किया जाता है। जुलाई की रैंकिंग में शीर्ष जिलों के प्रदर्शन से जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार के प्रयासों का असर सामने आया है।

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के मुताबिक जुलाई माह में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले की 59 योजनाओं और कार्यक्रमों की मॉनीटरिंग की गई। इनमें 56 कार्यक्रमों में जिले को ए ग्रेड प्राप्त हुआ। वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, पंचायती राज, लोक निर्माण विभाग, नियोजन, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, मत्स्य, उद्योग, सहकारिता और सिंचाई समेत कई विभागों के कार्यक्रमों में जिले ने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल किया। रामपुर ने जुलाई की रैंकिंग में 9.58 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। खास बात यह है कि जिला पिछले कई महीनों से सीएम डैशबोर्ड की टॉप टेन रैंकिंग में लगातार बना हुआ है। अधिकारियों के अनुसार जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और शिकायतों पर प्राप्त फीडबैक को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

शाहजहांपुर ने 9.43 अंक के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया जा रहा है। सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभागीय योजनाओं और शिकायत निस्तारण की नियमित निगरानी की जा रही है। बरेली ने 9.40 अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। जुलाई की रैंकिंग में अंबेडकरनगर 9.34 अंक के साथ चौथे और मैनपुरी 9.30 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहा। आजमगढ़ ने 9.27 अंक के साथ छठा, महाराजगंज ने 9.25 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया।

बुलंदशहर और बागपत ने 9.23-9.23 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से आठवां स्थान प्राप्त किया। लखीमपुर खीरी ने 9.20 अंक के साथ नौवां स्थान हासिल किया। वहीं सुल्तानपुर और सोनभद्र ने 9.18-9.18 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दसवें स्थान पर जगह बनाई। सीएम डैशबोर्ड की यह रैंकिंग जिलों के प्रशासनिक प्रदर्शन के साथ-साथ जनशिकायतों के समाधान और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति को भी दर्शाती है। प्रदेश सरकार की ओर से जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जुलाई की रैंकिंग में शीर्ष जिलों का प्रदर्शन इसी दिशा में प्रशासनिक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here