गाजियाबाद/दिल्ली: कांवड़ यात्रा के चलते कई दिनों से बंद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) को मंगलवार शाम 6 बजे वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है। एक्सप्रेसवे खुलने के साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान लागू किए गए कई प्रमुख ट्रैफिक डायवर्जन भी मंगलवार रात तक समाप्त किए जाने की संभावना है। इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यातायात पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह से अधिकांश प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य दिनों की तरह बहाल हो सकती है। कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि के चलते पिछले कई दिनों से शहर के प्रमुख रास्तों पर भारी ट्रैफिक दबाव बना हुआ था। कई मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजे जाने के कारण यात्रियों को लंबा सफर और जाम का सामना करना पड़ा।
मंगलवार शाम 6 बजे खुलेगा DME
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के मुताबिक, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को मंगलवार शाम करीब 6 बजे खोलने की तैयारी है। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के लिए लगाए गए अन्य डायवर्जन को भी मंगलवार रात तक हटाया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि बुधवार से अधिकतर प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।
DME के बंद होने के कारण दिल्ली और मेरठ के बीच आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा था। इससे शहर के अंदर और एनएच-9 समेत कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था।
धोबीघाट आरओबी पर भी कम होगा दबाव
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे बंद होने के कारण धोबीघाट आरओबी पर भी पिछले कई दिनों से वाहनों का अतिरिक्त दबाव बना हुआ था। एक्सप्रेसवे खुलने और डायवर्जन हटने के बाद यहां ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
इसी तरह गौशाला अंडरपास से जस्सीपुरा मोड़ के बीच भी मंगलवार को शिवरात्रि के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। बुधवार से इस मार्ग पर भी यातायात सामान्य होने की संभावना जताई जा रही है।
एनएच-9 पर लगा था लंबा जाम
कांवड़ यात्रा के दौरान लागू ट्रैफिक डायवर्जन के चलते सोमवार को एनएच-9 पर भीषण जाम की स्थिति बन गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक करीब एक लाख वाहन लगभग 12 किलोमीटर लंबे जाम में फंस गए थे। कई वाहन चालकों को करीब पांच घंटे तक जाम में परेशान होना पड़ा।अब DME खुलने और डायवर्जन हटने से यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
बुधवार से मिलेगी पूरी राहत की उम्मीद
कांवड़ यात्रा के कारण लागू प्रतिबंधों और डायवर्जन के हटने के बाद दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बुधवार से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए DME खुलना अहम माना जा रहा है।






