लखनऊ, 13 अगस्त। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मौन पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा जीपीओ स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा से शुरू होकर लोक भवन तक जाएगी। पदयात्रा के जरिए विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले और विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी झेल चुके विस्थापित परिवारों के सदस्य अपने अनुभव साझा करेंगे। लोक भवन प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभाजन की पीड़ा और उस दौर के संघर्ष को दर्शाने वाली प्रदर्शनी, लाइव पेंटिंग और लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी। इसका उद्देश्य विभाजन के इतिहास और उससे जुड़ी पीड़ा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा और बृजलाल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्यों डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह, डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल और उमेश द्विवेदी के अलावा लखनऊ के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक भी शामिल होंगे।
इसके साथ ही भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी तथा पंजाबी, सिख, सिंधी और बंगाली समाज के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विभाजन की विभीषिका को स्मरण करने और पीड़ित परिवारों के संघर्ष को सम्मान देने का माध्यम बनेगा।
