देहरादून। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026 के तहत उत्तराखंड में 14 अगस्त को विभाजन की त्रासदी को याद किया जाएगा। देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में विभाजन से प्रभावित परिवारों को आमंत्रित किया जाएगा, जहां वे विभाजन के दौरान झेली गई पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष की अपनी स्मृतियां साझा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विभाजन त्रासदी में दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा जाएगा। इसके साथ ही मतुआ समुदाय के इतिहास और योगदान पर तैयार डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की जाएगी। देहरादून में विभाजन विभीषिका पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें उस दौर की घटनाओं और पीड़ित परिवारों के संघर्ष को प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्य के सभी जिलों में डिजिटल प्रदर्शनी के माध्यम से विभाजन पीड़ितों की पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष की कहानी नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों में भाषण, वाद-विवाद, क्विज और परिचर्चा समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभाजन प्रभावित परिवारों को अपनी यादों और अनुभवों को साझा करने के लिए विशेष मंच भी उपलब्ध कराया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर कैंडल मार्च, श्रद्धांजलि कार्यक्रम और स्मृति चिह्न वितरण जैसे आयोजन भी किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ विस्थापित परिवारों के संघर्ष और उनकी स्मृतियों को संरक्षित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां विभाजन के दर्दनाक इतिहास से परिचित हो सकें।

