उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को लेकर सियासी हलचल तेज होती दिखाई दे रही है, चर्चा है कि योगी सरकार महिलाओं के लिए 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने वाली एक नई योजना पर विचार कर रही है।
हालांकि, सबसे जरूरी बात यह है कि यह योजना अभी प्रस्तावित है और इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है, इसलिए फिलहाल इसे संभावित योजना के तौर पर ही देखा जाना चाहिए, सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही इसकी पात्रता, राशि और भुगतान की तारीख स्पष्ट होगी।
चुनाव से पहले मिल सकती है ₹20 हजार की पहली किस्त?
प्रस्तावित प्रारूप के मुताबिक, अगर योजना को मंजूरी मिलती है तो पात्र महिलाओं को चुनाव से पहले 20 हजार रुपये की पहली किस्त दिए जाने की चर्चा है, इसके बाद 10-10 हजार रुपये की तीन और किस्तें दिए जाने का प्रस्ताव बताया जा रहा है, इस तरह पूरी योजना के तहत महिला लाभार्थी को कुल 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि योजना कब लागू होगी और पहली किस्त किन परिस्थितियों में जारी की जाएगी।
किन महिलाओं को मिल सकता है लाभ?
प्रस्तावित योजना में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। चर्चा के मुताबिक, SC, ST, BPL और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को इसके दायरे में लाया जा सकता है, इसके अलावा, ऐसे परिवारों की महिलाओं को भी योजना में शामिल करने पर विचार की चर्चा है, जिनकी सालाना आय 12 लाख रुपये तक है, हालांकि, यह आय सीमा और अन्य पात्रता शर्तें अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई हैं।
क्या हर महिला को मिलेंगे ₹50 हजार?
यह सबसे अहम सवाल है और इसका जवाब फिलहाल नहीं माना जा सकता, 50 हजार रुपये को प्रस्तावित योजना के तहत अधिकतम संभावित सहायता राशि के तौर पर देखा जा रहा है, इसका मतलब यह नहीं है कि प्रदेश की हर महिला के खाते में 50 हजार रुपये भेजे जाएंगे।
Also Read – हल्द्वानी में खरगे की रैली के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ पर विवाद, कांग्रेस ने जताई नाराजगी
लाभार्थियों की संख्या, आय सीमा, सामाजिक श्रेणी, परिवार की आर्थिक स्थिति और अन्य पात्रता मानकों को सरकार अंतिम रूप देगी।
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की तैयारी
चर्चा है कि योजना का उद्देश्य सिर्फ महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देना नहीं होगा, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना भी हो सकता है, इसमें महिला कल्याण विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है, सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें छोटे कारोबार और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के मॉडल पर भी विचार कर सकती है, उत्तर प्रदेश में पहले से ही स्वयं सहायता समूहों के जरिए बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ी हैं, ऐसे में नई प्रस्तावित योजना को मौजूदा महिला समूहों और स्वरोजगार व्यवस्था से जोड़ने की संभावनाएं भी देखी जा रही हैं।
दूसरे राज्यों की योजनाओं से तुलना
महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने वाली योजनाएं देश के कई राज्यों में पहले से चर्चा में हैं, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा में महिला केंद्रित आर्थिक सहायता योजनाओं के जरिए महिला लाभार्थियों तक सीधे मदद पहुंचाने का मॉडल अपनाया गया है, ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी महिलाओं को केंद्र में रखकर नई आर्थिक पहल की चर्चा ने 2027 के चुनाव से पहले सियासी बहस को तेज कर दिया है।
2027 में महिला वोटर क्यों हैं अहम?
उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में महिला मतदाताओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती गई है, ऐसे में अगर 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता वाली योजना को मंजूरी मिलती है, तो इसे बीजेपी की महिला लाभार्थी रणनीति के विस्तार के तौर पर देखा जा सकता है, राजनीतिक विश्लेषण में यह भी चर्चा है कि ऐसी योजना विपक्ष के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक केंद्रित राजनीतिक नैरेटिव की काट के रूप में काम कर सकती है हालांकि, यह फिलहाल राजनीतिक आकलन है, योजना का वास्तविक प्रभाव तभी सामने आएगा, जब इसे मंजूरी मिलेगी और जमीन पर इसका क्रियान्वयन शुरू होगा।

