चमोली। मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर चल रहे राहत और बचाव अभियान की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों तथा रेस्क्यू टीमों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी टनल के अंदर भी पहुंचे और वहां चल रहे बचाव एवं राहत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में जुटी विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर अभियान की मौजूदा स्थिति और आगे की रणनीति की जानकारी ली।
टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के तहत बनाई जा रही टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से हादसे की स्थिति बनी। इसके बाद से ही फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों और आधुनिक तकनीकी विशेषज्ञता का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को रेस्क्यू अभियान की अब तक की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष तीन लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है।
रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बचाव अभियान के साथ-साथ घायलों के उपचार और प्रभावित श्रमिकों के परिजनों की सहायता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी गंभीरता, सावधानी और आपसी समन्वय के साथ चलाया जाए, ताकि टनल में फंसे शेष श्रमिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बचावकर्मी मौजूद रहे।

