गाजीपुर। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित पेयजल योजनाओं की जानकारी अब ग्रामीणों को घर बैठे मिल सकेगी। जल निगम ग्रामीण ने ‘जन सारथी’ ऐप लॉन्च किया है। प्ले स्टोर से डाउनलोड किए जा सकने वाले इस ऐप के जरिए ग्रामीण अपने क्षेत्र की पेयजल योजना की स्थिति, लाभार्थियों की संख्या, पानी की आपूर्ति के घंटे और संबंधित जेई-एई समेत कर्मचारियों की जानकारी देख सकेंगे।
पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए अब ग्रामीणों को तहसील दिवस, आईजीआरएस या अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिकायत सीधे ऐप के माध्यम से दर्ज की जा सकेगी। साथ ही शिकायत के निस्तारण की स्थिति और की गई कार्रवाई की जानकारी भी ऐप पर देखी जा सकेगी।
जल निगम ग्रामीण की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों के करीब 2,500 मोबाइल में जन सारथी ऐप इंस्टॉल कराया जा चुका है। विभाग पेयजल योजनाओं की निगरानी और उनकी प्रगति का आकलन भी इसी ऐप के माध्यम से कर रहा है।
गाजीपुर में जल जीवन मिशन के तहत 763 पेयजल योजनाएं संचालित हैं। इनमें 103 योजनाओं में शत-प्रतिशत पानी की आपूर्ति हो रही है। विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि जन सारथी ऐप के जरिए योजनाओं की निगरानी के साथ ग्रामीणों को पेयजल व्यवस्था की जानकारी और शिकायतों के निस्तारण की सुविधा एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से पेयजल व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ग्रामीणों को शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति जानने में भी आसानी होगी।

