लखनऊ, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ के ऐतिहासिक विधान भवन के समक्ष आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों तथा उनके परिजनों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बलिदानी परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए वीर जवानों का त्याग सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
समारोह में मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद लेफ्टिनेंट हरी सिंह बिष्ट की माता शांति बिष्ट और शौर्य चक्र विजेता लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा के पिता एचएस मोहिंद्रा को सम्मानित किया गया। शौर्य चक्र से सम्मानित कर्नल भरत सिंह तथा वीर चक्र विजेता शहीद नायक राजा सिंह की पौत्रवधू राजेश्वरी देवी को भी मुख्यमंत्री ने सम्मान प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन विजय में शहीद मेजर रितेश शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा, वायुयान दुर्घटना में शहीद एनसी पुताली के भाई मुन्नी लाल, ऑपरेशन रक्षक में शहीद नायक अरुण कुमार त्रिपाठी के पिता हवलदार ओमप्रकाश त्रिपाठी और नौसैन्य अभियान में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव की माता प्रजेश यादव को भी सम्मानित किया।
इसी क्रम में ऑपरेशन पवन में शहीद राजवीर सिंह की पत्नी सुमन देवी, ऑपरेशन रक्षक में शहीद सिगनलमैन हर्षवर्धन सिंह की पत्नी शमा देवी, सेना मेडल से सम्मानित राजपूत रेजीमेंट के हवलदार पंकज सिंह की पत्नी शक्ति सिंह और सेना मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल मेजर प्रभांशु सिंह के बड़े भाई प्रांजल सिंह को सम्मान दिया गया।
समारोह में सीआरपीएफ के शहीद रक्षा राम की पत्नी सीता सुंदरी, शहीद दिवाकर तिवारी की पत्नी संतोष तिवारी और लांस नायक शहीद बचान सिंह की पत्नी मुन्नी देवी को भी सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के इस गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन किया और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र इन वीरों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। देश की स्वतंत्रता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए दिया गया उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।