लखनऊ में लंबे समय बाद उत्तर प्रदेश की सियासत के तीन प्रमुख चेहरे एक ही फ्रेम में मुस्कुराते नजर आए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक की यह तस्वीर इन दिनों की सियासी चर्चाओं के बीच खास मानी जा रही है। मौका था लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर, केजीएमयू में आयोजित ‘अटल स्मृति संध्या’ का। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में पद्मश्री अशोक चक्रधर ने अपने एकल काव्य पाठ से माहौल को साहित्य और हास्य-व्यंग्य से सराबोर कर दिया।
इसी दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक एक साथ नजर आए। तीनों नेताओं के चेहरे पर सहज मुस्कान थी और कैमरे ने इसी खूबसूरत पल को अपने फ्रेम में कैद कर लिया। उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम की भूमिका बेहद अहम है। ऐसे समय में जब प्रदेश की सियासत में कई मुद्दों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, तीनों नेताओं की एक साथ मुस्कुराती तस्वीर स्वाभाविक तौर पर राजनीतिक गलियारों का ध्यान खींच रही है।
तस्वीर को लेकर अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा सकते हैं, लेकिन तस्वीर का सबसे सीधा संदेश यही है कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रदेश के तीनों शीर्ष चेहरे बेहद सहज और खुशनुमा अंदाज में साथ दिखाई दिए। सियासत में तस्वीरें भी बहुत कुछ कहती हैं। कभी एक तस्वीर सवाल खड़े करती है तो कभी वही तस्वीर चर्चाओं को विराम देने का संकेत देती है। योगी, मौर्य और पाठक की यह तस्वीर भी इसी वजह से चर्चा में है।
अटल स्मृति संध्या के मंच से सामने आई यह तस्वीर फिलहाल सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बनी हुई है। तस्वीर वाकई खूबसूरत है और तीनों नेताओं की मुस्कान इसे और खास बना रही है।