जालौन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शहीद-ए-आजम भगत सिंह को लेकर कथित अमर्यादित टिप्पणी के वायरल वीडियो मामले में एसडीएम (न्यायिक) रिंकू सिंह राही ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने एडीएम (वित्त एवं राजस्व) को पत्र भेजकर आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ सोची-समझी साजिश बताया है।
रिंकू सिंह राही का आरोप है कि उनके संबोधन के वीडियो से छेड़छाड़ कर उसका कुछ हिस्सा जानबूझकर वायरल किया गया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम की सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए उरई पुलिस को निर्देश देने की मांग भी की है।
एसडीएम ने अपने पत्र में मुजफ्फरनगर में खुद पर हुए जानलेवा हमले का भी जिक्र किया और कहा कि भगत सिंह की देशभक्ति और साहस उन्हें ईमानदारी से काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं और इससे उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
