नई दिल्ली: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक दल (RLD) ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं, इसी क्रम में RLD अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बुधवार को दिल्ली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख गुर्जर नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में पूर्व सांसद मलूक नागर, सांसद चंदन चौहान समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पश्चिमी यूपी में संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई, RLD का फोकस पश्चिमी यूपी में अपने संगठनात्मक आधार को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक समीकरण को साधने पर भी है, पार्टी नेताओं के साथ बैठक को आगामी चुनाव से पहले RLD की रणनीतिक कवायद के तौर पर देखा जा रहा है, पश्चिमी उत्तर प्रदेश लंबे समय से RLD की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।
Also Read – यूपी में निवेश करें, हर स्तर पर मिलेगा पूरा सहयोग: सीएम योगी
अखिलेश यादव के बयान पर जयंत चौधरी की प्रतिक्रिया
बैठक के बाद जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, अखिलेश यादव के ट्वीट का जिक्र करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि उन्हें अपनी बात कहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से उनके साथ खड़े रहे और आज भी सहयोग कर रहे सहयोगियों को भी सोचने पर मजबूर किया जा रहा है, जयंत चौधरी ने कहा, “लोकतंत्र है, जनता सबको बनाती है। जनता जनार्दन है।”
‘चवन्नी’ वाली टिप्पणी पर क्या बोले जयंत चौधरी?
अखिलेश यादव की ओर से की गई ‘चवन्नी’ वाली टिप्पणी पर जब जयंत चौधरी से सवाल किया गया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “ये उनको पूछिए,” दरअसल, हाल ही में अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिए कहा था कि उनके साथ गठबंधन के लिए कई लोग आए थे, उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि उन्होंने “चवन्नी से रुपया” बना दिया, फिर भी कुछ लोग साथ छोड़कर चले गए।
NDA की सीटों को लेकर भी अखिलेश का तंज
अखिलेश यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए NDA के सहयोगी दलों पर भी निशाना साधा था, पोस्ट में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सहयोगी दलों की संभावित सीटों का जिक्र करते हुए RLD को NDA में 73 सीट मिलने का दावा किया था, अखिलेश यादव के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है वहीं, जयंत चौधरी की पश्चिमी यूपी के नेताओं के साथ बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए RLD की सक्रिय रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।