लखनऊ, 22 अगस्त। लखनऊ में आयोजित चार दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘सेलेस्टा इंटरनेशनल-2026’ में भारत समेत थाईलैंड, श्रीलंका और नेपाल से आए छात्रों ने विभिन्न संस्कृतियों के मेल-मिलाप को विश्व मानवता की एकता और सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। छात्रों ने कहा कि अलग-अलग देशों की सभ्यता, कला और परंपराओं को एक मंच पर लाने वाले ऐसे आयोजन आपसी समझ, सौहार्द और वैश्विक मैत्री को मजबूत करते हैं।
सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS), अलीगंज प्रथम कैंपस की ओर से आयोजित यह सांस्कृतिक महोत्सव 22 से 25 अगस्त तक सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में देश-विदेश के छात्र विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएमएस की एमडी प्रो. गीता गांधी किंगडन ने प्रतिभागी छात्रों और टीम लीडरों का स्वागत करते हुए कहा कि सेलेस्टा इंटरनेशनल केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विविधता, सांस्कृतिक गौरव, रचनात्मकता, पर्यावरणीय संवेदनशीलता और वैश्विक मैत्री का उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को अंतर्राष्ट्रीय मंच देने के साथ ही लखनऊ की गंगा-जमुनी संस्कृति, समृद्ध विरासत और तहजीब से दुनिया को परिचित कराने का अवसर भी प्रदान करता है।
श्रीलंका की अयोमा डांस एकेडमी से आए छात्रों ने कहा कि वे इस अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उत्साहित हैं। नेपाल के लुंबिनी स्थित सभ्यता पाठशाला के छात्रों ने कहा कि ऐसा आयोजन भावी पीढ़ी को रचनात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं बैंकॉक, थाईलैंड के ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का विश्वास जताया।
महोत्सव की संयोजिका एवं सीएमएस अलीगंज प्रथम कैंपस की प्रधानाचार्या शिवानी सिंह ने बताया कि सेलेस्टा इंटरनेशनल का उद्देश्य छात्रों की प्रतिभा के विकास के साथ उनके मानवीय और आध्यात्मिक दृष्टिकोण को भी मजबूत करना है। महोत्सव में मिक्स मीडिया आर्ट, आर्ट एंड पेंटिंग, कोरियोग्राफी, ऑर्केस्ट्रा, पारंपरिक लोकनृत्य, समूहगान, सेलेस्टा टाइमलेस फ्रेम, हार्मोनिक क्लैश, क्रिसेंडो सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें छात्र अपने-अपने देशों की कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत करेंगे।