लखनऊ, 23 अगस्त। अमर शहीद और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गुलाब सिंह लोधी के 91वें बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अमीनाबाद स्थित झंडेवाला पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी ने महज 32 वर्ष की उम्र में ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती देते हुए तिरंगा फहराया और देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 23 अगस्त 1935 को गुलाब सिंह लोधी ने इसी पार्क में तिरंगा फहराकर अंग्रेजी हुकूमत को खुली चुनौती दी थी। उस दौर में तिरंगा स्वाधीनता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक था। अंग्रेजी हुकूमत उनके साहस से बौखला गई और उन्हें गोलियों से भून दिया गया। सीएम ने कहा कि गुलाब सिंह लोधी भले ही शहीद हो गए, लेकिन उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम अध्याय बन गया।
सीएम योगी ने कहा कि अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का जन्म 1903 में उन्नाव के एक सामान्य किसान परिवार में हुआ था। बचपन से ही उनके भीतर देश की आजादी के लिए गहरा जज्बा था। इसी भावना के साथ उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की और लखनऊ आकर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्नाव में उनके नाम पर पार्क, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का नामकरण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक न्याय के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों और वीरांगनाओं के सम्मान में प्रदेश सरकार संस्थानों और बटालियनों का नामकरण कर रही है। अलीगढ़ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर स्टेडियम और बदायूं में पीएसी की नई बटालियन का नामकरण किया गया है। इसी तरह लखनऊ में पीएसी की महिला बटालियन का नाम वीरांगना ऊदा देवी पासी, गोरखपुर में नवस्थापित पीएसी महिला बटालियन का नाम वीरांगना झलकारी बाई कोरी और औरैया के नए मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया है।
सीएम योगी ने कहा कि अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी जैसे क्रांतिकारियों ने देश की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व बलिदान किया। ऐसे महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित रखना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर बलिदानियों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए स्मारक निर्माण और संरक्षण के कार्य लगातार आगे बढ़ाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक न्याय और राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों के सम्मान में करीब 500 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस राशि से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास जी महाराज, महर्षि वाल्मीकि जी महाराज समेत अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छाजन, पार्कों के नवनिर्माण और उनके संरक्षण से जुड़े कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अमर बलिदानियों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
