लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों के लिए रक्षाबंधन से पहले कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय रसोइया सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। सरकार के फैसलों से प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार ने रसोइयों के मानदेय में 1,000 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है। इसके बाद उनका मानदेय बढ़कर 3,000 रुपये प्रतिमाह हो गया है। इसके अलावा रसोइयों और उनके परिवार के लिए 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा, महिला रसोइयों के मातृत्व अवकाश से जुड़े नियमों में राहत और यूनिफॉर्म व दस्तानों के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है।
मानदेय बढ़कर हुआ 3 हजार रुपये
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के पीएम पोषण योजना के रसोइये स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। सरकार ने उनके योगदान और सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला किया है।सरकार के मुताबिक, पहले रसोइयों को अलग-अलग चरणों में मानदेय बढ़ाकर 2,000 रुपये तक किया गया था। अब इसमें 1,000 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी के बाद मानदेय 3,000 रुपये प्रतिमाह हो गया है।
₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
रसोइयों के लिए सबसे अहम फैसलों में स्वास्थ्य सुरक्षा का प्रावधान शामिल है। अब रसोइयों और उनके परिवार को 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए रसोइयों को चिकित्सा स्वास्थ्य कार्ड दिए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। रसोइयों के बैंक खाते खुलवाकर मानदेय सीधे उनके खातों में भेजने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना या दिव्यांगता की स्थिति में परिवार को बैंक की ओर से सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
महिला रसोइयों को मातृत्व अवकाश में राहत
सरकार ने महिला रसोइयों के लिए मातृत्व अवकाश के नियमों में भी बदलाव किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मातृत्व अवकाश लेने के लिए बच्चों की उम्र के बीच अंतर से जुड़ी पुरानी बाध्यता को समाप्त किया गया है। इससे महिला रसोइयों को राहत मिलने की उम्मीद है।इसके अलावा रसोइयों को यूनिफॉर्म के लिए 500 रुपये और दस्ताने/ग्लव्स के लिए 400 रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि दी जाएगी। हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन किट उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
स्कूल की रसोई में स्वच्छता पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों से स्कूल की रसोई में बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।रसोइयों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन तैयार करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के लिए मिड-डे मील सिर्फ पेट भरने का माध्यम नहीं है, बल्कि उनके स्वास्थ्य और विकास से भी जुड़ा है।
11 रसोइयों को किया गया सम्मानित
लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में 11 रसोइयों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1,500 रसोइयों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों और तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए गए।सरकार का कहना है कि पीएम पोषण योजना को प्रभावी ढंग से संचालित करने में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। मानदेय वृद्धि, स्वास्थ्य सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के जरिए सरकार उनके सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
