अगर आपकी जेब में 5 से 8 करोड़ रुपये हैं, तो मुबारक हो… आप यूपी में विधायक बनने की योग्यता रखते हैं! जी हां, चुनाव आते ही यूपी के सियासी बाजार में विधायकों के टिकट की मंडी सज गई है। जहां जनता समझती है कि वो वोट देकर अपने बच्चों का भविष्य चुन रही है, वहीं पर्दे के पीछे करोड़ों रुपये की बोलियां लग रही हैं। ‘दैनिक भास्कर’ के एक बड़े स्टिंग ऑपरेशन ने इस गंदे खेल का पर्दाफाश कर दिया है!
ALSO READ दिल्ली की आग अब लखनऊ में! सवर्ण मोर्चा का हल्लाबोल, सवर्ण नेताओं की निकाली ‘शव यात्रा’

इस रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑन-कैमरा वीडियोज़ ने कई राजनीतिक पार्टियों की पोल खोलकर रख दी है। निषाद पार्टी के चुनाव प्रभारी रविंद्र मणि निषाद कैमरे पर साफ कहते दिख रहे हैं कि 5 करोड़ रुपये में कोई इफ-बट नहीं होगा, आधा पैसा पहले और आधा चुनाव पास आने पर लिया जाएगा। जहां पार्टी मजबूत है, वहां रेट 7 से 8 करोड़ तक पहुंच जाता है। उधर सुभाषपा के नेता सालिक यादव 5 से 6 करोड़ में टिकट की बात करते दिख रहे हैं, तो अपना दल के चित्रकूट जिलाध्यक्ष हेमराज सिंह का कहना है कि उनके यहां 2 करोड़ की रेट चल रही है और जो सबसे ज्यादा पैसा देगा, टिकट उसी का होगा। यही नहीं, बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल का भी लेनदेन से जुड़ा वीडियो छाया हुआ है। हालांकि, ये सभी पार्टियां इसे विरोधियों की साजिश बता रही हैं, लेकिन ऑन-कैमरा कैद ये तस्वीरें कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं। अब जरा आप ही सोचिए, जो नेता विधायक बनने के लिए ही 5 से 8 करोड़ रुपये की बोली लगाकर आएगा, वो जीतने के बाद आपकी सेवा करेगा या पहले अपने खर्च किए हुए पैसों की वसूली करेगा?