देहरादून: उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा ने इस साल आस्था और बेहतर यात्रा प्रबंधन का नया रिकॉर्ड कायम किया है, मानसून की चुनौती, पहाड़ों में बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के खतरे के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है, यात्रा के महज 125 दिनों में चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 48 लाख के पार पहुंच गई है, सबसे बड़ी उपलब्धि यमुनोत्री धाम ने हासिल की है, जहां पहली बार 6 लाख 68 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
21 अगस्त तक 48 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
21 अगस्त तक चारों धामों में कुल 48 लाख 4 हजार 897 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 42 लाख 82 हजार 263 थी, इस तरह पिछले साल की तुलना में इस वर्ष अब तक 5 लाख 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
चारों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या इस प्रकार है:
- बद्रीनाथ धाम: 16 लाख 54 हजार 263
- केदारनाथ धाम: 14 लाख 65 हजार 370
- गंगोत्री धाम: 7 लाख 47 हजार 671
- यमुनोत्री धाम: 6 लाख 68 हजार 163
- यमुनोत्री धाम ने बनाया नया रिकॉर्ड
इस साल की चारधाम यात्रा में सबसे खास उपलब्धि यमुनोत्री धाम के नाम रही, पिछले साल यहां 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु पहुंचे थे, इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 6 लाख 68 हजार 163 हो गया है, इसके साथ ही यमुनोत्री ने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है, पिछले दो दशकों के आंकड़ों को देखें तो यह यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
Also Read – तेजस्वी यादव के खिलाफ बीजेपी की पुलिस शिकायत, वीडियो को लेकर बिहार में सियासी विवाद
बद्रीनाथ धाम में भी बड़ी बढ़ोतरी
चारधाम में सबसे अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे हैं। अब तक 16 लाख 54 हजार 263 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं, पिछले वर्ष की तुलना में बद्रीनाथ धाम में 3 लाख 62 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मानसून के बीच सुरक्षा पर खास नजर
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ मानसून के दौरान उनकी सुरक्षा प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती भी है, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन तंत्र को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है, मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है। खराब मौसम या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रा को नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चारों धामों से लेकर यात्रा पड़ावों तक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
आस्था के साथ बढ़ रहा धार्मिक पर्यटन
चारधाम यात्रा के बढ़ते आंकड़े बताते हैं कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मानसून की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था लगातार मजबूत बनी हुई है, 48 लाख के पार श्रद्धालु, यमुनोत्री में नया रिकॉर्ड और बद्रीनाथ में बड़ी बढ़ोतरी इस साल की चारधाम यात्रा उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन और यात्रा प्रबंधन, दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बनकर सामने आई है, चारधाम में आस्था का शिखर, यमुनोत्री में नया इतिहास और 48 लाख के पार श्रद्धालुओं की संख्या उत्तराखंड की धरती पर इस साल आस्था ने एक नया कीर्तिमान रच दिया है।