लखनऊ, 23 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने यूपीएसआरटीसी की बसों के रखरखाव से लेकर चालकों के नशामुक्त संचालन और यातायात नियमों के सख्ती से पालन के निर्देश दिए हैं।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों के सफर को देखते हुए विभाग ने सरकारी और निजी परिवहन व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। निजी बसों, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का पुलिस एवं चरित्र सत्यापन कराया जाएगा। साथ ही बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की जांच भी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि रक्षाबंधन के दौरान संचालित निजी बसों के चालक और परिचालक पूरी तरह सत्यापित हों। संचालकों को चालकों एवं परिचालकों का पुलिस और चरित्र सत्यापन कराने के साथ संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। टैक्सी और ई-रिक्शा संचालकों को भी केवल सत्यापित और सक्षम चालकों से ही वाहन चलवाने को कहा गया है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी। ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवहन अधिकारियों को पर्व के दौरान फील्ड में सक्रिय रहकर यातायात व्यवस्था और वाहनों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय कर सड़क सुरक्षा, रूट डायवर्जन और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाएगा। माल वाहनों या ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन और नियम विरुद्ध संचालन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी चालक या परिचालक नशे की हालत में ड्यूटी पर नहीं होना चाहिए। ड्यूटी से पहले आवश्यक जांच सुनिश्चित की जाएगी। नशे की हालत में वाहन चलाते या ड्यूटी करते पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए सभी बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की पहले से जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी खराब या असुरक्षित बस को सड़क पर संचालित नहीं किया जाएगा। चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी से पहले भी आवश्यक जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पर्व के दौरान अत्यधिक तेज आवाज वाले डीजे सिस्टम के इस्तेमाल और वाहनों की मूल संरचना में किए गए अवैध बदलाव पर भी परिवहन विभाग की नजर रहेगी। ऐसे मामलों में पुलिस और जिला प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई की जाएगी। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं और अन्य यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रहे। इसके लिए विभागीय अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर परिवहन व्यवस्थाओं की निगरानी करें और लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।