संभल: उत्तर प्रदेश में हाल ही में हुए पुलिस विभाग के बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद संभल के एसपी रहे कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जिले से विदाई ले ली। ट्रांसफर के बाद उन्हें अब बिजनौर का एसएसपी बनाया गया है। संभल में आयोजित विदाई समारोह के दौरान केके बिश्नोई भावुक नजर आए। इसी बीच उनकी पत्नी और आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पति के लिए खास संदेश लिखा। अंशिका वर्मा ने वर्दी में केके बिश्नोई के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “मुझे हमेशा तुम पर गर्व है। अगले असाइनमेंट के लिए शुभकामनाएं।” पोस्ट के साथ उन्होंने सैल्यूट का इमोजी भी लगाया।
विदाई समारोह में भावुक हुए केके बिश्नोई
शनिवार, 22 अगस्त को संभल में केके बिश्नोई के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने संभल में अपने कार्यकाल के अनुभवों को याद किया। कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका सम्मान करते हुए गर्मजोशी के साथ विदाई दी। विदाई समारोह के दौरान संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल भी भावुक नजर आए। कार्यक्रम का माहौल उस समय भावुक हो गया, जब अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने केके बिश्नोई के साथ बिताए कार्यकाल को याद किया।
अब बिजनौर के SSP होंगे केके बिश्नोई
उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में राज्य के नौ जिलों के पुलिस अधीक्षकों का तबादला किया है। इसी फेरबदल में संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का भी ट्रांसफर किया गया। अब उन्हें बिजनौर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया गया है।
बरेली में तैनात हैं IPS अंशिका वर्मा
केके बिश्नोई की पत्नी अंशिका वर्मा भी भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी हैं। फिलहाल वह बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। दोनों की शादी 29 मार्च 2026 को राजस्थान में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। बताया जाता है कि केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की मुलाकात गोरखपुर में तैनाती के दौरान हुई थी। उस समय केके बिश्नोई एसपी सिटी और अंशिका वर्मा एएसपी के पद पर तैनात थीं।
संभल हिंसा के दौरान चर्चा में आए थे बिश्नोई
कृष्ण कुमार बिश्नोई नवंबर 2024 में संभल में हुई हिंसा के दौरान भी चर्चा में रहे थे। हिंसा के बाद पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों पर कार्रवाई की और कथित मास्टरमाइंड शारिक साठा के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। केके बिश्नोई के संभल से तबादले के बाद उनकी विदाई और पत्नी अंशिका वर्मा का सोशल मीडिया पोस्ट अब चर्चा में है।