लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास के बाहर अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र जुट गए। छात्रों ने डिप्टी सीएम से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखने की मांग की। छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर बृजेश पाठक खुद घर से बाहर आए और प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात की।
डिप्टी सीएम ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान बृजेश पाठक छात्रों के साथ सहज अंदाज में नजर आए और उन्हें मिठाई भी खिलाई।
मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों से प्रदेश में लगातार जनसेवा का सिलसिला जारी है। सरकार जनता और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए बृजेश पाठक ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंदे मातरम जैसे विषय पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने विपक्ष की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता सब देख रही है। इस दौरान डिप्टी सीएम ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने रखा गया है और नियमानुसार समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
