लखनऊ, 25 अगस्त। उत्तर प्रदेश में मिशन रोजगार के तहत मंगलवार को 3572 युवाओं के लिए रोजगार का नया अध्याय शुरू हुआ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायकों और मंडी परिषद के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध नियुक्ति के लिए प्रदेश सरकार की सराहना की।
अंबेडकर नगर की साधना देवी का चयन कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक पद पर हुआ है और उन्हें अयोध्या में तैनाती मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर काम कर रही है। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए खुशी और गर्व का क्षण है।
बस्ती निवासी महिपाल सिंह का चयन कृषि प्राविधिक सहायक पद पर हुआ है और उनकी तैनाती बाराबंकी में हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में चयन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हुई है। उन्होंने कहा कि 23 जून को परिणाम आने के करीब दो महीने के भीतर नियुक्ति पत्र मिलना सरकार की तेजी और कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
रायबरेली निवासी राणा प्रताप सिंह का चयन कृषि प्राविधिक सहायक पद पर हुआ है और उनकी नियुक्ति अमेठी में हुई है। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। वर्तमान सरकार में पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए गौरव का विषय है।
बाराबंकी की महिमा मौर्या का चयन मंडी सचिव पद पर हुआ है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बताते हुए कहा कि आरक्षण के नियमों का पूरी तरह पालन किया गया। उन्होंने कहा कि सीटों में किसी तरह की हेरफेर नहीं हुई और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों पर भी नियमानुसार चयन हुआ। वहीं प्राविधिक सहायक पद पर चयनित ज्ञानवी तिवारी ने सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की सराहना करते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही और महिलाओं को भी बड़ी संख्या में अवसर मिल रहे हैं। निष्पक्ष भर्ती से युवाओं में सरकार के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
रामपुर की खुशनुमा का चयन मंडी सचिव ग्रेड-2 पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का काम हुआ है। उन्होंने नियुक्तियों में पारदर्शिता और महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। खुशनुमा ने कहा कि मुख्यमंत्री के संबोधन में कही गई बातों को अपने कार्यक्षेत्र में धरातल पर उतारने का पूरा प्रयास करेंगी और नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगी।
प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद पर चयनित पवनेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को प्राथमिकता दी जा रही है। योग्य युवाओं को बिना भेदभाव अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने नियुक्ति को अपने लिए गौरव और खुशी का क्षण बताते हुए युवाओं से लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करने की अपील की।
3572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण के साथ प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने के अपने प्रयासों को रेखांकित किया। नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों ने भी नई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का संकल्प जताया।
